सेवा-टीएचडीसी इण्डिया लि. टिहरी द्वारा अपने कारपोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के तहत् एक निशुल्क नेत्र चिकित्सा कैम्प का आयोजन दिनांकः 26/05/2010 को निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान, ऋषिकेश एवं टीएचडीसी के चिकित्सकों के सहयोग से मदन नेगी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (धारमण्डल) टिहरी में आयोजित किया गया, चिकित्सा शिविर का उद्घाटन अपर महाप्रबनधक(का.एवं प्र.) श्री विजय गोयल के द्वारा किया गया। शिविर में उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस शिविर का लाभ लेना चाहिए। सेवा-टीएचडीसी इण्डिया लि. अपने सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के तहत् बांध प्रभावित क्षेत्र की जनता के सहायतार्थ समय-समय पर विभिन्न प्रकार के चिकित्सा शिविरों का आयोजन विभिन्न क्षेत्रों पर करती रहती हैं, इस लिए सभी को एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए अपने स्वास्थ्य की नियमित रूप से चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा जांच करानी चाहिए। टीएचडीसी का उद्देश्य है कि हमारे द्वारा जो भी कार्यक्रम जनता के सहायतार्थ किए जा रहे हैं, उसका लाभ बांध प्रभावित क्षेत्रों के लोग अधिक से अधिक संख्या में उठाएं।
शिविर में कुल 303 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया । जिसमें 160 नेत्र रोगियों में से 27 रोगी मोतिया बिन्द से ग्रसित पाये गये। इनमें से 09 रोगियों को तत्काल टीएचडीसी इण्डिया लि. की व्यवस्था द्वारा आपरेशन के लिए निर्मल नेत्र संस्थान ऋषिकेश भेजा गया एवं बाकी 18 मोतिया बिन्द रोगियों को ऑपरेशन के लिए दिनांक 03/06/2010 को भिजवाने की तिथी निर्धारित की गई। शिविर में 31 दन्त रोगियों का परीक्षण एवं उपचार टीएचडीसी इण्डिया लि. के दन्त रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया तथा 112 सामान्य रोगियों को टीएचडीसी के चिकित्सकों के द्वारा परामर्श एवं उपचार दिया गया। साथ ही टीएचडीसी द्वारा निःशुल्क दवाईयॉ एवं चश्में मरीजों को वितरित किए गये। शिविर में मदन नेगी, सॉदणा, कठुली, बडील, पाचरी, जलवालगांव, रिडोल एवं भौन्याडा आदि के ग्रामीणों द्वारा चिकित्सा का लाभ उठाया गया।
उपरोक्त शिविर में निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान, ऋषिकेश के निदेशक डा0 डी0पी0 कार, डा0 के0 चौधरी, नेत्र सर्जन एवं सहयोगी दल तथा टीएचडीसी चिकित्सालय भागीरथीपुरम के चिकित्सकों एवं स्टाफ के द्वारा भागीदारी निभाई गई।